Coupons

महाराष्ट्र के विभिन्न त्यौहारों के कुछ खास स्वादिष्ट व्यंजन

महाराष्ट्र के त्यौहार महाराष्ट्र राज्य की संस्कृति और परंपरा का एक सच्चा प्रतिबिंब हैं| इस क्षेत्र के लोगों के द्वारा कई सांस्कृतिक और धार्मिक त्यौहार उत्साह के साथ मनाया जाता है और उन त्यौहारों में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन घरो में बनाए जाते है|
कोई भी त्यौहार क्यों ना हो उसमे किसी न किसी विशिष्ट व्यंजन का महत्त्व ज़रूर होता है| तो आइये जानते है उन प्रसिद्ध व्यंजनों के बारे में और जानते है इन व्यंजनों के बनाने की विधियों के बारे में|

1. आषाढ़ी एकादशी

पंचांग के अनुसार हर महीने दो एकादशी आती हैं। हिंदू कैलेंडर के चौथे महीने आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष में आने वाली एकादशी तिथि को आषाढ़ी एकादशी के नाम से जाना जाता है। साथ ही ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इसे देवशयनी एकादशी, देवपोधि एकादशी, महा एकादशी, हरिशयन एकादशी आदि के नाम से भी इसे संबोधित किया जाता हैं। मान्यता है कि एकादशी व्रत भगवान विष्णु की पूजा का विधान होता है — आषाढ़ी एकादशी या देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु 4 मास के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। शास्त्रानुसार इस दौरान शादी-ब्याह जैसे शुभ कार्यों को करने की मनाही होती है। इस दिन ज़्यादातर लोग भगवन विष्णु की उपासना एवं व्रत रखते हैं| तो आइये आपके साथ इस उपवास के कुछ व्यंजन शेयर करते हैं|

साबुदाना वड़ा

आवश्यक सामग्री (3-4 लोगो के लिए)

* 1 किलो आलू (उबालकर, छीलकर मैश किए हुए)

* 1 कप साबुदाना

* 2 टी स्पून सेंधा नमक

* आधा कप (दरदरी पीसी हुई) मुंगफली

* 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

* 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया , टुकड़ों में कटा हुआ

* 1 छोटा चम्मच हरी मिर्च, टुकड़ों में कटी हुई

* 1 नींबू का रस

* तेल (डीप फ्राई करने के लिए)

बनाने की विधि

1. साबुदाने को धोकर 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दें।

2. साबुदाने को छान लें, इसमें आलू, नमक, मुंगफली, लाल मिर्च पाउडर, हरा धनिया, हरी मिर्च और नींबू का रस डालकर मिलाएं।

3.मिश्रण से गोलाकार में वड़े बनाकर उन्हें तेल में डीप फ्राई करें।

4. गरमा गरम क्रिस्पी वड़ा दही के साथ सर्व करें।

2. मखाने की खीर (फरियाली खीर)

नवरात्री के उपवास के दौरान कुछ नया और स्वादिष्ट व्यंजन खाने का सब का मन करता है और खीर सामान्यतः सबको ही पसंद होती है, पर सभी खीर फरियाली नहीं होती| आज हम आपके लिए बहुत ही पौष्टिक मखाने की खीर की रेसिपी लाए है| इससे आपको उपवास में पोषण के साथ स्वाद भी मिलेगा|

आवश्यक सामग्री (4-5 लोगो के लिए)

* 1 लीटर दूध

* 1½ कप मखाने

* 1 छोटा चम्मच घी

* ¼ कप बादाम

* 4 हरी इलायची

* ¼ कप चीनी

* 1 बड़ा चम्मच किशमिश

बनाने की विधि

1. मखानों को छोटा-छोटा काट लें या फिर मिक्सी में थोड़ा मोटा पीस लें।

2. बादाम को मिक्सी में दरदरा पीस लें। इलायची को भी छिलके से अलग कर बादाम के साथ पीस लें।

3. एक कड़ाही गरम करें और इसमें 1 छोटा चम्मच घी डालें और दरदरे पिसे मखाने को 2-3 मिनट के लिए भून लें।

4. अब इसमें दूध डालें। मखानों को दूध में अच्छे से मिलाएं।

5. पहले उबाल के बाद आंच को धीमा कर दें और मखानों को दूध में पूरी तरह से गल जाने तक (15-20 मिनट) पकाएं।

6. 5-7 मिनट के अंतराल में दूध को अच्छे से चम्मच की सहायता से हिलाएं, जिससे कि वो निचे से चिपके या जले नहीं।

7. अब इसमें पिसे बादाम और इलायची डालें और इसे अच्छे से मिलाएं। दूध के गाढ़ा होने तक और 10-12 मिनट पकाएं।

8. खीर में शक्कर और किशमिश डालें और अच्छे से हिलाकर 2 मिनट और पकाएं, फिर आंच को बंद कर दें।

9. स्वादिष्ट मखाने की खीर अब तैयार है। इस खीर को ठंडा करके परोसें।

3. साबुदाना चिवड़ा

उपवास के दिनों के लिए यह एक परफेक्ट डिश है | बच्चो से लेकर बड़े तक सभी इसे खाना बहुत पसंद करते हैं |

आवश्यक सामग्री (1-2 लोगो के लिए)

* 100 ग्राम साबुदाना (नायलॉन)
नोट:- यहाँ हमने नायलॉन साबूदाना लिया है | आप इसका चुनाव अपनी इच्छा अनुसार या उपलब्धता के अनुसार कर सकते हैं |

* 50 ग्राम मूंगफली

* 50 ग्राम आलू की कतरनें

* सेंधा नमक स्वादानुसार

* ½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर

* ½ छोटा चम्मच पिसी चीनी

* तलने के लिए आवश्यकतानुसार तेल

बनाने की विधि

1. कड़ाई में तेल लें और इसे गरम करें |

2. मध्यम आंच पर साबुदाने को तलने के लिए तेल में डालें | फिर जब यह अच्छे से फुल जाए तब झारे की सहायता से टिशु पेपर पर निकाल लें |

3. ऐसे ही थोड़े थोड़े कर सभी साबुदाना तल कर निकाल लें |

4. अब मूंगफली के दानो को भी तल कर निकाल लें एवं साबुदाने में मिक्स करें |

5. इसमें आलू की कतरनें भी तल कर मिक्स करें|

6. स्वादानुसार सेंधा नमक, चीनी पाउडर और काली मिर्च पाउडर अच्छे से मिलाकर सर्व करें |

नोट:-

* अगर इसे आप बाद में खाने वाले है तो इसे आप एयर टाइट कंटेनर में ही बंद कर के रखें |

4. गणेश चतुर्थी:-

गणेश चतुर्थी महाराष्ट्र का प्रसिद्ध त्यौहार है| पौराणिक कथाओं के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन माता पार्वती के पुत्र गणेश जी का जन्म हुआ था, इसलिए भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन हर साल गणेश चतुर्थी मनाई जाती है| गणेश चतुर्थी आते ही गणेशजी के पसंदीदा मोदक बनाना कैसे भूल सकते हैं| आज हम आपके लिए बहुत ही सरल, जल्द और स्वादिष्ट केसर मोदक बनाने की विधि लाए है| इससे आप घर पर ही बाज़ार जैसे मोदक तैयार कर सकते हैं|

4) A. केसर मोदक

गणेश चतुर्थी के आते ही गणेशजी के पसंदीदा मोदक बनाना तो सब चाहते हैं, पर समय अधिक लगने के कारण अधिकतर लोग इसे बाज़ार से ही खरीदना पसंद करते हैं| आइए जानते हैं चुटकियों में तैयार हो जाने वाले बाज़ार जैसे स्वादिष्ट मोदक की रेसिपी|

आवश्यक सामग्री (4-5 लोगो के लिए)

* 250 ग्राम मावा (मैश किया हुआ)

* 100 ग्राम शक्कर (पिसी हुई)

* ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर

* थोड़ा-सा केसर

* थोड़े-से बारीक़ कटे हुए मिक्स ड्रायफ्रूट्स (बादाम, काजू और पिस्ता)

बनाने की विधि:-

1. कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर भून लें|

2. एकसार होने पर आंच से उतार लें|

3. बची हुई सारी सामग्री डालकर अच्छी तरह मिक्स करें|

4. थोड़ा-सा मिश्रण चिकनाई लगे मोदक मोल्ड में डालकर मोदक बनाएं|

नोट: केसर और कटे हुए ड्रायफ्रूट्स की जगह आप केसर मिल्क मसाला का प्रयोग भी कर सकते हैं| मावे को सेंकते समय ही आप केसर मिल्क मसाला मिला लें|

4) B. नारियल के लड्डू

यहाँ हम त्यौहारों की बात कर रहे हैं तो लड्डूओं को कैसे भूल सकते हैं| हम आपको नारियल के लड्डू बनाने की विधि बताने जा रहे हैं| इसे आप गणेश चतुर्थी या दूसरे किसी भी त्यौहार पर भोग लगाने के लिए तुरंत बनाकर तैयार कर सकते हैं|

आवश्यक सामग्री (4-5 लोगो के लिए)

* 1 कप नारियल पाउडर

* ¼ कप कंडेंस्ड मिल्क

* 2-3 बड़े चम्मच रोज सिरप या केसर मिल्क मसाला

(नोट- रोज सिरप या केसर मिल्क मसाला का चुनाव आप अपने पसंदानुसार कर सकते हैं| और चाहे तो आप इलायची पाउडर डालकर सादे नारियल के लड्डू भी बना सकते हैं|)
* 7-8 बादाम

बनाने की विधि

1. नारियल पाउडर में कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं|

2. अब स्वाद अनुसार रोज सिरप या केसर मिल्क मसाला डालें और अच्छे से मिक्स करें|

3. अब इस मिश्रण से लड्डू बना लें और ऊपर से बादाम लगाकर सजाएँ|

5. कोजागरी पूर्णिमा

महाराष्ट्र के सभी प्रमुख त्यौहारों में से एक है “कोजागरी पूर्णिमा” जिसे शरद पूर्णिमा व रास पूर्णिमा भी कहते हैं | ज्योतिष के अनुसार, पूरे वर्ष में केवल इसी दिन चन्द्रमाँ सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है। इसी दिन श्रीकृष्ण ने महारास रचाया था। मान्यता है इस रात्रि को चन्द्रमा की किरणों से अमृत झड़ता है। तभी इस दिन उत्तर भारत में खीर या केसर दूध बनाकर रात भर चाँदनी में रखने का विधान है। केसर दूध का कोजागरी पूर्णिमा के दिन एक अलग ही महत्त्व है| इसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं एवं ये एक हैल्दी ड्रिंक है| इसे गरम या ठंडा दोनों तरह से, रूचि के अनुसार, सर्व किया जा सकता है|

केसर दूध

आवश्यक सामग्री (3-4 लोगो के लिए)

* ½ लीटर दूध

* चुटकी भर केसर

* 8-10 बादाम

* 2 बड़े चम्मच शक्कर

* 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

* 2 छोटे दालचीनी के टुकड़े

बनाने की विधि

1. एक कटोरी में थोड़ा सा गुनगुना दूध ले कर उसमे केसर के धागो को भीगोकर रख दें|

2. फिर 15 मिनट के लिए बादाम को पानी में भीगोकर रख दें, उसके बाद छीलकर मिक्सर में पीस लें|

3. मध्यम आंच पर एक तपेली में दूध उबालने के लिए रखें और उसमे दालचीनी और इलायची पाउडर मिला लें|

4. एक उबाल आने के बाद इसमें बादाम का पेस्ट, भिगोये हुए केसर का घोल एवं शक्कर मिलाएं|

5. दूध को 5-10 मिनिट कम आंच पर उबाले और गैस बंद कर दें|

6. अब दूध को ठंडा या गरम, रूचि अनुसार सर्व करें|

इंस्टेंट मसाला दूध:- अगर आप कम मेहनत करके या जल्दी ही मसाला दूध तैयार करना चाहते हैं तो कुछ इंस्टेंट दूध मसाले, जैसे राम बंधू केसर मिल्क मसाला, बाज़ार में उपलब्ध हैं| आप केवल दूध और स्वादानुसार शक्कर के साथ इस मसाले को उकालकर अपना पसंदीदा मसाला दूध तैयार कर सकते हैं|

6. गुड़ी पड़वा

चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा गुड़ी पड़वा या वर्ष प्रतिपदा या युगादि के नाम से जानी जाती है। मान्यता है कि इसी तिथि से हिंदू नववर्ष की शुरुआत होती है। गुड़ी पड़वा चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के नाम से भी जाना जाता है। यह चैत्र महीने के पहले दिन मनाते हैं। इस प्रकार हिंदू नववर्ष का शुभारंभ हो जाता है। महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा पर पूरन पोली और श्रीखंड जैसे व्यंजन खासतौर पर बनाए जाते हैं। तो आइये अभी उपरोक्त पूरन पोली के साथ साथ श्रीखंड बनाने की विधि भी जानते हैं|

केसर श्रीखंड

आवश्यक सामग्री (4-5 लोगो के लिए)

* 500 ग्राम हंग कर्ड (चक्का दही )

* 150 ग्राम आइसिंग शुगर

* 3 ग्राम इलाइची पाउडर

* 5 ग्राम केसर मिल्क मसाला

* 10 ml दूध

* ड्राई फ्रूटस, टुकड़ों में कटा हुआ

बनाने की विधि

1. 10 ml दूध में केसर मसाले को थोड़ा सा उकाल लें।

2. ठंडा होने के बाद सारी सामग्री को एक साथ मिलाकर अच्छे से फेंट लें और एक बर्तन में रख दें।

3. नट्स और ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें।

हमें आशा है कि आपको हमारा ये ब्लॉग ज़रूर पसंद आया होगा| आपको त्योहारों में कौन सा व्यंजन सबसे ज़्यादा पसंद है? हमें हमारे सोशल मीडिया पेजों पर डायरेक्ट मैसेज कर बता सकते हैं|

अगर आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया है तो हमारे ब्लॉग और फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम एवं ट्विटर पेजों का अनुसरण कर उन्हें शेयर करें|

× Chat