Coupons

भारत के विभिन्न राज्यों के कुछ अनोखे व्यंजन (PART – I)

भारत में खाद्य संस्कृति का एक अनूठा महत्व है। विदेशों से लोग विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए भी भारत आते हैं। भारत के हर राज्य में खाने का बहुत हद तक एक अलग ही स्वाद होता है। आइए जानते हैं इन मशहूर फूड्स के बारे में|

1.पंजाब की प्रसिद्ध मक्के दी रोटी और सरसों दा साग

सरसों का साग और मक्के की रोटी एक पॉपुलर पंजाबी फूड कॉम्बो है। यह एक ऐसी डिश कॉम्बो है जिसे पंजाब के बाहर भी हर कोई बहुत स्वाद से खाता है। सरसों के साग में ढेर सारा घी और मक्खन डालकर खाने से इसका स्वाद दोगुना हो जाता है।

आवश्यक सामग्री (3-4 लोगो के लिए)

मक्के की रोटी के लिए :

* 1/2 kg मक्के का आटा

* आटा गूंथने के लिए पानी

* तलने के लिए घी

साग के लिए :

* 750 ग्राम सरसों का साग

* 250 ग्राम पालक का साग

* 250 ग्राम बथुए का साग

* 2 कप पानी

* एक चुटकी नमक

* 1 1/2 कप मक्के का आटा

* 4 हरी मिर्च

* 25 ग्राम अदरक

* 6 लहसुन की कली

* 2 प्याज़

* स्वादानुसार घी

* ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

* ½ छोटा चम्मच गरम मसाला

* ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर

 

बनाने की विधि

  1. प्रेशर कुकर में तीनो साग को डालें| उसमे नमक और पानी डालकर धीमी आंच पर 1 ½ घंटे तक पकाएं।
  2. साग का पानी निचोड़कर निकाल लें और पानी को एक तरफ रख दें। साग को कुकर में अच्छे से मैश करें, इसमें मक्की का आटा डालकर कर चलाएं।
  3. साग का पानी उसमें वापस डाल दें, साथ ही नॉर्मल ताजा पानी डालकर कर इसे धीमी आंच पर पकाएं।
  4. हरी मिर्च और अदरक डालकर साग को गाढ़ा होने तक पकाएं।
  5. तड़का तैयार करने के लिए प्याज़, अदरक, लहसुन, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, धनिया पाउडर डालकर भूनें, प्याज़ को गोल्डन ब्राउन होने दें।
  6. तड़के को साग में डालकर मिक्स करें।

मक्के की रोटी :

  1. मक्की का आटा लें और गूंथ लें।
  2. तवा गरम करें और उस पर थोड़ा सा घी डालें ताकि रोटी उस पर चिपके नहीं।
  3. चकले पर गोल आकार की मक्की की रोटी तैयार कर लें। इसके बाद बहुत आराम से तवे पर डालें।
  4. रोटी पर घी लगाकर गोल्डन ब्राउन होने तक सेकें।
  5. रोटी को सरसों का साग, गुड़ और सफेद मक्खन के साथ सर्व करें।

 

2. महाराष्ट्र की प्रसिद्ध मिसल पाव एवं ठेचा

मिसल पाव महाराष्ट्र के पुणे शहर की एक प्रसिद्ध डिश है| इसे झणझणीत मिसल कहते है क्योंकी यह बहुत तिखी बनाई जाती है और लोग यह डिश तिखी ही खाना पसंद करते है| मिसल को पाव के साथ खाया जाता है, इसे आप लंच में या डिनर में कभी भी खा सकते हैं| वैसे ही ठेचा महाराष्ट्र के कोल्हापूर क्षेत्र का प्रसिद्ध व्यंजन है| आइए जानते हैं ये व्यंजन कैसे बनाए जाते हैं|

(A) मिसल पाव

आवश्यक सामग्री (4-5 लोगो के लिए)

मसाले का पेस्ट बनाने के लिए :

* 2 बड़े चम्मच तेल

* 2 छोटे चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट

* 1 कप प्याज़, टुकड़ों में कटा हुआ

* 1 कप टमाटर, टुकड़ों में कटा हुआ

* 3/4 कप नारियल, कद्दूकस किया हुआ

सॉस या ग्रेवी बनाने के लिएः

* 3 बड़े चम्मच तेल

* स्वादानुसार नमक

* 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पेस्ट

* 1 छोटा चम्मच गरम मसाला

* 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

* 1 छोटा चम्मच जीरा एवं धनिया पाउडर

* 1/2 छोटा चम्मच दालचीनी-लौंग पाउडर

* 3 कप पानी

उसल बनाने के लिए

* 3 बड़े चम्मच तेल

* 2 छोटे चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट

* 2 छोटे चम्मच प्याज़ का पेस्ट

* 1/2 छोटा चम्मच हींग

* 1 कप आलू (उबले हुए और चकोर टुकड़ो में कटे हुए)

* 1½ कप स्प्राउट (पानी में भीगी हुई) (मुंग, मटकी या सफ़ेद वटाना)

* 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

* 1 छोटा चम्मच गरम मसाला

* 1/2 छोटा चम्मच दालचीनी-लौंग पाउडर

* एक नींबू का रस

* 3 कप पानी

* स्वादानुसार नमक

सजाने के लिएः प्याज़, फरसाण, धनिया पत्ती

परोसने के लिएः पाव और नींबू के पीस

बनाने की विधि

मिसल पाव बनाने की विधि :

  1. एक पैन में तेल को गरम करके उसमें अदरक, लहसुन और प्याज़ का पेस्ट डालें।
  2. इसको तब तक भूनें जब तक पेस्ट हल्के भूरे रंग का न हो जाए।
  3. इसमें टमाटर और कद्दूकस किया हुआ नारियल मिलाएं। कुछ मिनटों के लिए भूनें।
  4. मिक्सचर के भुन जाने के बाद इसे थोड़ी देर के लिए ठंडा होने के लिए रख दें।
  5. मिक्सचर ठंडा हो जाए तो इसे पीस लें। मिसल के लिए पेस्ट तैयार है|

सॉस और ग्रेवी बनाने के लिए :

  1. एक पैन में तेल को गरम करके उसमें पिसा हुआ उपरोक्त पेस्ट डालकर दो मिनट के लिए भूनें।
  2. इसमें नमक, गरम मसाला, लाल मिर्च का पेस्ट, हल्दी पाउडर, जीरा-धनिया पाउडर, लौंग-दालचीनी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
  3. इसके बाद इसमें पानी डालें। इसे तब तक पकाएं जब तक मिक्सचर किनारों से तेल न छोड़ने लगे।
  4. जब मिक्सचर भुन जाए, तो इसे एक कटोरे में डालकर साइड में रख दें।

उसल पाव बनाने के लिए :

  1. एक पैन में तेल को गरम करके उसमें अदरक लहसुन का पेस्ट और हींग डालकर अच्छी तरह भूनें।
  2. इसमें स्प्राउट्स (पूरी रात भीगी हुई) समेत आलू मिलाएं।
  3. इसमें नमक, हल्दी पाउडर, गरम मसाला, लौंग-दालचीनी पाउडर और नींबू का रस मिलाएं।
  4. पानी डालकर आठ से दस मिनट के लिए पकाएं।
  5. मिक्सचर के पक जाने के बाद इसे कटोरी में डालकर साइड में रख दें।

मिसल बनाने के लिए :  

  1. एक बर्तन में सबसे पहले बनाया गया उसल डालें।
  2. इसके बाद बनाई गई ग्रेवी डालकर कटी हुई प्याज़ और फरसाण का मिक्सचर डालें।
  3. धनिया पत्ती को इसके ऊपर डालकर पाव और नींबू के पीस के साथ परोसें।

(B) ठेचा

आवश्यक सामग्री (7-8 लोगो के लिए)

* 15 लाल मिर्च (ताज़ी कटी हुई)

* 15 कलियां लहसुन की (कटी हुई)

* 2 बड़े चम्मच तेल

* 2 छोटे चम्मच राई

* 1/2 छोटा चमच्च हींग

* नमक स्वादानुसार

बनाने की विधि

  1. लाल मिर्च ठेचा बनाने के लिए सबसे पहले लाल मिर्च, लहसुन और नमक को एक ब्लेंडर में डालकर पीस लें|
  2. इस मिश्रण को एक बर्तन में निकाल लें|
  3. अब एक पैन में तेल गरम करें। इसमें राई डालें और 10 सेकण्ड्स तक पकने दें|
  4. अब इसमें हींग डालें और 20 सेकण्ड्स के बाद इस तड़के को लाल मिर्च के मिश्रण में डाल दें|
  5. अच्छी तरह से मिलाएं और लाल मिर्च ठेचा को दाल, भाकरी के साथ परोसें|

3. बंगाल की प्रसिद्ध शुक्तो

बंगाल में जितनी फेमस फिश रेसिपीज़ हैं उतनी ही प्रसिद्ध वेजिटेरियन रेसिपी शुक्तो भी है| विभिन्न सब्जियों को मिक्स कर शुक्तो को तैयार किया जाता है| इसे राइस के साथ सर्व किया जाता है| यह रेसिपी बनाने में काफी आसान है और खाने में काफी स्वादिष्ट भी होती है|

आवश्यक सामग्री (3-4 लोगो के लिए)

* 1 आलू कटा हुआ

* 1 बैंगन कटा हुआ

* 1 कच्चा केला कटा हुआ

* 50 ग्राम सेम

* 1 छोटा कप दाल की बड़ियां

* 1 तेज़पत्ता

* 1 छोटा चम्मच पंचफोरन

* 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

* 1 लाल मिर्च सूखी

* 1 बड़ा चम्मच अदरक पेस्ट

* स्वादानुसार नमक

* 1/2 छोटा चम्मच राई

बनाने की विधि

  1. सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें धीमी आंच पर तेल गरम करने के लिए रख दें|
  2. तेल गरम हो जाए तो उसमें दाल की बड़ियां डालकर उन्हें फ्राई कर लें, जब बड़ियों का कलर गोल्डन हो जाए तो उन्हें एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें|
  3. अब उसी तेल में राई, सूखी लाल मिर्च, तेज़ पत्ता और पंचफोरन डालकर सभी को भून लें| जब यह मसाला फ्राई होता रहे तो उसमें अदरक का पेस्ट डाल दें और उसे हल्का भून लें|
  4. जब अदरक और मसाला अच्छी तरह से भुन जाए तो उसमें सारी कटी हुई सब्जियां और फ्राई की हुई बड़ियां डाल दें और इसमें हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दें|
  5. इसके बाद ज़रुरत के हिसाब से इसमें पानी मिलाकर शुक्तो को पकाएं, इस दौरान कड़ाही या पैन को ढंक दें| सभी सब्जियों को नर्म होने तक लगभग 5 से 7 मिनट तक पकने दें|
  6. बीच-बीच में सब्जी को चलाते रहें, जब सब्जियां अच्छी तरह से पक जाएं तो गैस बंद कर दें|
  7. इस तरह आपकी स्वादिष्ट शुक्तो बनकर तैयार हो चुकी है, इसे चावल के साथ सर्व करें|

4. बिहार की फेमस लिट्टी चोखा

लिट्टी चोखा भले ही बिहार की डिश रही हो लेकिन यह पूरे देश में मशहूर हो चुकी है| बिहार के खान-पान का जिक्र तो इसके बिना अधूरा ही है|  बिहार में किसी भी जगह यह आसानी से उपलब्ध होती है| लिट्टी में मुख्य इन्ग्रेडिएंट सत्तू होता है| इसमें आलू का इस्तेमाल नहीं किया जाता है, यह घर पर आसानी से तैयार होने वाली रेसिपी है|  अगर कभी घर में छोटा फंक्शन हो तो इसे बनाकर आसानी से इन्जॉय किया जा सकता है|

आवश्यक सामग्री (2-3 लोगो के लिए)

लिट्टी बनाने की सामग्री :

* 2 कप आटा

* 1 कप सत्तू

* 2 छोटा चम्मच तेल

* 2 बड़े चम्मच घी

* 1 प्याज़ बारीक कटा हुआ

* 5 लहसुन की कलियां कद्दूकस की हुई

* 3 हरी मिर्च कटी हुई

* 1/2 कप हरा धनिया बारीक कटा हुआ

* 1 छोटा चम्मच अज़वाइन

* 1 छोटा चम्मच नींबू रस

* 1 बड़ा चम्मच अचार मसाला

* स्वादानुसार नमक

चोखा बनाने की सामग्री :

* 1 बड़ा बैंगन गोल वाला

* 1 छोटा चम्मच जीरा

* 3 आलू

* 2 टमाटर

* 1 प्याज़ बारीक कटा हुआ

* 1 टुकड़ा अदरक बारीक कटा हुआ

* 2 बारीक कटी हरी मिर्च

* 3 लहसुन की कलियां कटी हुई

* 1 छोटा चम्मच हरा धनिया

* 1 नींबू

* 1 बड़ा चम्मच तेल

* स्वादानुसार नमक

*  स्वादानुसार काला नमक

बनाने की विधि

  1. लिट्टी चोखा बनाने के लिए सबसे पहले लिट्टी बनाने की शुरुआत करें|
  2. सबसे पहले आटे को लें और उसे अच्छी तरह से छानकर एक बर्तन में निकाल लें|
  3. अब इसमें घी, स्वादनुसार नमक डालकर अच्छे से मिला दें|
  4. गुनगुने पानी की मदद से आटे को नरम गुंध लें, अब गुंधे हुए आटे को आधा घंटे के लिए ढककर अलग रख दें|
  5. इसके बाद लिट्टी का मसाला तैयार करने की शुरुआत करें और एक बर्तन में सत्तू निकाल लें|
  6. उसमें हरी मिर्च, धनिया, अदरक, नींबू का रस, काला नमक, जीरा, सादा नमक और अचार का मसाला डालकर अच्छी तरह से मिला लें|
  7. इस मिश्रण में थोड़ा सा सरसों का तेल भी डाल दें और अब इसमें हल्का सा पानी मिला दें और मसाले को दरदरा कर लें|
  8. अब गुंधे हुए आटे को लें और उससे मीडियम साइज़ की लोइयां बना लें और इन लोइयों को हथेली पर रखकर कटोरी जैसा आकार दें|
  9. इसमें तैयार किया गया लिट्टी मसाला एक से दो चम्मच के बीच भरें| आटे को चारों ओर से बंद कर दें और गोल कर लोई बना लें|
  10. जब लोई गोल हो जाए तो उसे हथेली से दबाकर थोड़ा सा चपटा कर लें| अब एक लोहे का बर्तन लें उसमें लकड़ी या कोयले की मदद से आंच तैयार करें|
  11. अब आपने जो लोई तैयार की हैं उन्हें इस आग में सेंक लें| बीच में चेक करते रहे कि लिट्टी अच्छे से सिकी है या नहीं| जैसे-जैसे लिट्टी सेंकतेजाएं उन्हें आंच से बाहर निकालकर अलग रख दें|

चोखा बनाने के लिए

  1. सबसे पहले बैंगन, आलू और टमाटर को अच्छी तरह से भून लें और इसके बाद उनका छिलका उतार दें|
  2. अब एक बर्तन में इन्हें लेकर अच्छी तरह से मैश कर लें| अब इसमें प्याज़, धनिया, नींबू, मिर्च, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह से मिला दें|
  3. एक कड़ाही लें उसमें थोड़ा सा तेल गरम करें और लहसुन अदरक का तड़का तैयार करें|
  4. इस तड़के को चोखे में मिला दें, इस तरह आपका चोखा भी तैयार हो चुका है| अब लिट्टी को बीच से तोड़कर घी में डुबोकर निकाल लें|
  5. लिट्टी चोखा को सरसों की चटनी या दही के साथ सर्व करें|

5. मणिपुर की प्रसिद्ध कांगसोई

आप घर पर हेल्दी और आसानी से बन जाने वाली डिश ट्राई करना चाहते हैं तो नॉर्थईस्ट की फेमस कांगसोई रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। मूल रूप से यह रेसिपी मणिपुर की है और वहां होने वाले त्योहारों में ज़रूर बनती है। तो आइए जान लेते हैं घर पर इस रेसिपी को कैसे बनाया जाए।

कांगसोई

आवश्यक सामग्री (3-4 लोगो के लिए)

* 1 ½ लीटर पानी

* एक मध्यम आकार का प्याज़ गोल कटा हुआ

* 1/2 कप कटा हुआ हरा प्याज़

* 1/3 कप कटा हुआ धनिया

* मध्यम आकार की कटी हुई पत्तागोभी

* फूलगोभी के 5 टुकड़े

* 1/2 कप कटी हुई बीन्स

* 1/2 कप कटे हुए मशरूम

* नमक स्वादानुसार

* 2 हरी मिर्च

* 1 अदरक छोटे-छोटे टुकड़ों में कटी हुई

* 1 बड़ा टमाटर

* 2 बड़े चम्मच फर्मेंट किए हुए सोय बीन्स

बनाने की विधि

  1. गैस पर कड़ाही रखें और उसमें सबसे पहले पानी और पानी में कटा हुआ प्याज़ डालें। इसके बाद इसमें कटी हुई अदरक, फर्मेंट किए हुए सोय बीन्स, टमाटर के अलावा सभी सब्जियां और स्वादानुसार नमक मिला लें और उबलने दें।
  2. थोड़ी देर तक इसे धीमी आंच पर पकाएं। इसके बाद इसमें धनिया पत्ती मिला लें।
  3. इसे आप चावल के साथ खा सकते हैं या फिर सूप की तरह पी सकते हैं।

6. गुजरात का सबसे प्रसिद्ध व्यंजन ढोकला

ढोकला गुजरात का सबसे लोकप्रिय व्यंजन है| यह आमतौर पर नाश्ते के रूप में गरम या ठंडा, चटनी के साथ परोसा जाता है। गुजराती लोगो के अलावा वेजीटेरियन लोगो में भी ये डिश बहुत ही पॉपुलर है|

आवश्यक सामग्री (2-3 लोगो के लिए)

* 1 कप बेसन

* ½ कप दही

* 1 छोटा चम्मच अदरक लहसुन पेस्ट

* ½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर

* ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

* स्वादानुसार नमक

* 1 छोटा चम्मच खाने का सोडा

* ढोकला बनाने का सांचा

तड़के के लिए :

* 1 बडा चम्मच तेल

* 1 छोटा चम्मच राई

* 1 चुटकी हींग

* 5-6 हरी मिर्च लम्बाई मे कटी

* 1 बड़ा चम्मच शक्कर (स्वादानुसार)

* ¾ कप पानी

* 1 छोटा चम्मच नींबू का रस

बनाने की विधि

  1. एक बडे कटोरे में बेसन और दही को मिलाएं |
  2. नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और अदरक लहसुन पेस्ट डालें |
  3. ¼ कप पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और सोडा मिक्स करें |
  4. अब स्टीमर में पानी गरम करने को रखें |
  5. ढोकले के सांचे को तेल से ग्रीस कर के उसमे मिश्रण भरें |
  6. पानी गरम हो जाने पर मिश्रण के सांचे को स्टीमर में रख दें |
  7. मध्यम आंच पर 15 मिनट भाप मे ढोकले को पकाएं |
  8. अब ढोकला ठंडा होने के लिए रखें और तब तक तड़का तैयार कर लें |
  9. पैन मे तेल गरम करें | हिंग और राई डालकर तड़का दें | कटी हरी मिर्च डालें |
  10. अब इसमें पानी, नींबू का रस और शक्कर डालकर शक्कर घुलने तक हिलाएं |
  11. ढोकला पर तैयार तड़का डालकर मनचाहे आकार मे काटें और ग्रीन चिल्ली सॉस या टमेटो केचप के साथ खट्टा मिठा ढोकला सर्व करें| आप इमली सॉस का भी चुनाव ढोकले के साथ कर सकते हैं|

यह था हमारा रेसिपी ब्लॉग जिसमे हमने आपके साथ कुछ चुनिंदा भारतीय राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजन शेयर किए है| उपरोक्त रेसिपीस के बारे में आपकी राय व सुझाव हमारे सोशल मीडिया पेजों पर हमें डायरेक्ट मैसेज कर बताएं| चुनिंदा बेहतरीन सुझाव देने वालो को हमारे पेजों पर पुरस्कृत किया जाएगा|

आपको हमारी बताई गयी रेसिपीस और आर्टिकल्स पसंद आते हैं तो हमारे ब्लॉग और फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं ट्विटर पेजों का अनुसरण कर उन्हें शेयर करें |

× Chat